पटना न्यूज डेस्क: एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार की सुबह आदर्श कारा, बेऊर में संयुक्त टीम ने व्यापक छापेमारी की। सुबह करीब 4:35 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में सजायाफ्ता और अन्य बंदियों से पूछताछ की गई और सभी सेल की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पांच पुराने कीपैड मोबाइल और कुछ ईयरबड्स बरामद किए गए। इनमें कुछ खराब हो चुके मोबाइल को जमीन में गाड़कर रखा गया था, हालांकि इनमें सिम और बैट्री नहीं थी। इस मामले में बेऊर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
एसएसपी कार्तिकेय के अनुसार, बेऊर जेल के अंदर से अपराध का षडयंत्र रचने की घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में एक बैंक अधिकारी और स्कूल संचालक को धमकी और रंगदारी की शिकायत दर्ज हुई थी, जिसमें जेल में बंद कुख्यात के इशारे पर बाहर बैठे गुर्गों ने फोन किया था। इस छापेमारी अभियान में गंगा खंड के बाहर जमीन के नीचे और सेल की वेंटिलेशन खिड़की के पीछे से मोबाइल और ईयरबड्स जब्त किए गए।
संगीन मामलों में बंद 14 कैदियों को सुरक्षा और आगामी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर भेजा गया। इसमें हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के आरोपी शामिल हैं। एसएसपी के अनुसार, इन कैदियों में कुख्यात रवि गोप, गैंगस्टर तौसिफ रजा उर्फ बादशाह, नियाज अहमद, माजिद खान उर्फ डीडी, विजय कांत पांडेय, शंकर राय शाहबाज उर्फ शौकत, राजेश यादव, रौशन शर्मा, उमेश यादव, विजय साहनी, मो. राजा, मो. दानिश और मोनू कुमार शामिल हैं।
कुख्यात रवि गोप के खिलाफ कदमकुआं, पीरबहोर और फुलवारीशरीफ थाने में करीब 16 केस दर्ज हैं। अप्रैल में ही रवि के वार्ड से मोबाइल बरामद किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि अन्य संदिग्ध कैदियों के स्थानांतरण हेतु प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि या चुनावी प्रभाव की संभावना को रोका जा सके।