पटना न्यूज डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस की स्टेट यूनिट पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक की मेजबानी करने जा रही है। खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक शहर में आखिरी बार सीडब्ल्यूसी की बैठक 1940 में हुई थी। कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह बैठक सिर्फ बिहार के लिए नहीं बल्कि पूरे देश के भविष्य पर केंद्रित होगी।
कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि बिहार आज भारत का राजनीतिक केंद्र बन चुका है और यहां से "दूसरे स्वतंत्रता संग्राम" की तैयारी हो रही है। उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, अपराध और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार जैसे मुद्दों पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला। अल्लावारु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चुनाव चोरी करने का आरोप लगाया और कहा कि वे असली समस्याओं को हल करने में नाकाम रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पटना का सदाकत आश्रम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ऐतिहासिक फैसलों का गवाह रहा है और इसलिए इस जगह पर बैठक आयोजित होना बेहद महत्वपूर्ण है। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने भी कहा कि बिहार और देश की वास्तविक समस्याओं—जैसे बेरोजगारी, अपराध, पलायन, युवाओं व किसानों की मुश्किलें पर सीडब्ल्यूसी बैठक में गंभीर चर्चा होगी। वहीं, इंडिया ब्लॉक में सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह प्रक्रिया सुचारू और सकारात्मक ढंग से आगे बढ़ रही है।