पटना न्यूज डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले चुनाव आयोग ने मंगलवार (30 सितंबर) को राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई है। अब हर मतदाता https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर अपना नाम और विवरण देख सकता है। आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी प्रविष्टियां जांच लें, क्योंकि वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होना ही मतदान का अधिकार सुनिश्चित करता है।
आयोग के मुताबिक, इस बार तकनीकी साधनों का ज्यादा इस्तेमाल किया गया है ताकि सूची पारदर्शी और सटीक हो। प्रक्रिया के तहत नए नाम जोड़े गए, मृतकों और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाया गया और जिनका पता बदला था, उनका अपडेट किया गया। खासकर पटना जिले में बड़े पैमाने पर वोटर बढ़े हैं। ड्राफ्ट लिस्ट की तुलना में यहां 1.63 लाख नए वोटर्स जुड़े हैं।
फाइनल आंकड़ों के मुताबिक, पटना जिले में अब 48 लाख 15 हजार 294 मतदाता हैं। जबकि 1 अगस्त 2025 को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में 46 लाख 51 हजार 694 मतदाता दर्ज थे। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया एक महीने तक चली, जिसमें नए नाम जोड़े गए और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियां हटाई गईं। यही वजह है कि जिले में कुल 1 लाख 63 हजार 600 नए मतदाता सूची में शामिल हो पाए।
राज्य स्तर पर देखा जाए तो SIR शुरू होने से पहले बिहार में 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाता थे। 1 अगस्त को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में 65.63 लाख नाम काटे गए थे और कुल संख्या 7 करोड़ 24 लाख 5 हजार 756 रह गई थी। इसके बाद 16 लाख से ज्यादा लोगों ने नया नाम जोड़ने के लिए आवेदन दिया और लाखों ने नाम कटवाने या सुधार कराने का अनुरोध किया। अब यह सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और फाइनल वोटर लिस्ट लागू कर दी गई है।