पटना न्यूज डेस्क: सारण जिले के पानापुर प्रखंड के बेलौर पंचायत से जुड़े पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र राय का सोमवार देर रात पटना में निधन हो गया। वे लगातार तीसरी बार पैक्स अध्यक्ष चुने गए थे। शनिवार को छपरा स्थित कोऑपरेटिव बैंक में काम के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर किया गया। डॉक्टरों ने अगले महीने हृदय का ऑपरेशन करने की सलाह दी थी, लेकिन सोमवार रात अचानक उनकी हृदय गति रुक गई।
वीरेंद्र राय के निधन की खबर से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। उनकी पत्नी सरस्वती देवी भी पहले पैक्स अध्यक्ष रह चुकी हैं। मंगलवार सुबह से ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, रिश्तेदार और ग्रामीण उनके घर पहुंचकर शोक व्यक्त कर परिवार को सांत्वना देते रहे।
मृतक के तीनों पुत्र मनीष, पंकज और अमन तथा पत्नी सरस्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र के विकास और किसानों के हित में हमेशा काम किया।
लोगों का कहना है कि उनका जाना पंचायत और इलाके के लिए बड़ी क्षति है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की प्रार्थना की।